ऑस्ट्रेलियाई हॉकी खिलाड़ी टॉम क्रेग को पेरिस पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें कारण
![](https://goalbold.in/wp-content/uploads/2024/08/New-Project-18-1200x675.png)
टॉम क्रेग को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पेरिस ओलंपिक 2024 से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के 28 वर्षीय स्टार हॉकी खिलाड़ी को पेरिस पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला कोकेन खरीदने से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। टॉम क्रेग नामक इस खिलाड़ी को पुलिस ने कोकेन खरीदते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसके पास से एक ग्राम कोकेन बरामद भी हुआ था। पुलिस के मुताबिक उन्होंने लेन-देन के समय ही यह गिरफ्तारी की है।
इस तरह पकड़े गए टॉम क्रेग
टॉम क्रेग ऑस्ट्रेलियाई टीम के एक इवेंट में शामिल थे। यहां से निकलने के 15 मिनट के अंदर ही उनकी गिरफ्तारी हो गई। पुलिस ने उन्हें गली में कोकेन खरीदते हुए पकड़ लिया। उनके साथ ही एक 17 साल का लड़का भी पकड़ा गया है जिसे पुलिस ने डीलर बताया है। उस लड़के के पास से कोकेन के सात वायल और नशे की 70 से अधिक गोलियां बरामद हुई हैं। लड़के के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान को उजागर नहीं किया है।
टॉम क्रेग को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने क्या कहा?
टॉम की गिरफ्तारी की खबरें आने के बाद ऑस्ट्रेलिया के ओलंपिक एसोसिएशन ने कुछ अधिक नहीं बताया है। पहले तो उन्होंने केवल ये स्वीकार किया था कि उनका एक एथलीट पुलिस के कब्जे में है। हालांकि, News Corp ने सबसे पहले खिलाड़ी के नाम का खुलासा कर दिया था। यह गिरफ्तारी मंगलवार की रात को हुई है। फिलहाल उन पर कोई चार्ज नहीं लगाया गया है और ऑस्ट्रेलिया का मैनेजमेंट उनके लिए रास्ते खोज रहा है।
दिग्गज खिलाड़ी हैं क्रेग
क्रेग ऑस्ट्रेलियाई हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी हैं। एक दशक से अधिक के इंटरनेशनल करियर में वह 100 से अधिक मैच खेल चुके हैं। सीनियर टीम में स्थाई जगह बनाने से पहले वह जूनियर नेशनल टीमों में भी जलवा बिखेर चुके हैं। 2018 में वह इस टीम के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड और 2020 में टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं।