विनेश फोगाट को राहुल गांधी ने दी बधाई, कहा- चैंपियंस मैदान से देते हैं अपना जवाब
![](https://goalbold.in/wp-content/uploads/2024/08/New-Project-13-1200x675.png)
विनेश फोगाट को राहुल गांधी ने दी बधाई
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने एक ही दिन में तीन मैच जीतते हुए फाइनल में जगह पक्की की है। अब उनका निशाना गोल्ड जीतने पर है। विनेश की इस उपलब्धि को पूरा देश सराह रहा है। इस बीच कांग्रेस के नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने विनेश के लिए एक स्पेशल पोस्ट किया है। राहुल गांधी ने विनेश और पहलवानों द्वारा किए गए आंदोलन को याद किया।
राहुल ने अपनी पोस्ट में लिखा,
“एक ही दिन में दुनिया की तीन धुरंधर पहलवानों को हराने के बाद आज विनेश के साथ-साथ पूरा देश भावुक है। जिन्होंने भी विनेश और उसके साथियों के संघर्ष को झुठलाया, उनकी नीयत और काबिलियत तक पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए, उन सभी को जवाब मिल चुका है। आज भारत की बहादुर बेटी के सामने सत्ता का वो पूरा तंत्र धराशाई पड़ा था जिसने उसे खून के आंसू रुलाए थे। चैम्पियंस की यही पहचान है, वो अपना जवाब मैदान से देते हैं। बहुत शुभकामनाएं विनेश। पेरिस में आपकी सफलता की गूंज, दिल्ली तक साफ सुनाई दे रही है।”
काफी कठिन रहे विनेश फोगाट के लिए पिछले 18 महीने
विनेश के पास अब गोल्ड जीतने का शानदार मौका#Paris2024 #VineshPhogat pic.twitter.com/sdWqTi5c2d
— GoalBold News (@GoalboldSports) August 6, 2024
विनेश के लिए पिछले 18 महीने काफी मुश्किल भरे रहे हैं। दो बार पहलवानों के आंदोलन में हिस्सा लेने वाली विनेश ने दो महीने से अधिक का समय सड़क पर बिताया। वहां पुलिस के साथ झड़प भी हुई और उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस बीच उन्हें एक सर्जरी से भी गुजरना पड़ा था। क्वालीफिकेशन में भी उनकी राह बड़ी कठिन रही थी।
इन सबके बीच उनके लिए खड़े होने वाले लोगों की कमी थी। हालांकि, विनेश को खुद पर भरोसा था कि वह ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन करेगी। अब उन्होंने फाइनल में जगह बनाते हुए अपने उस आत्मविश्वास को सही साबित कर दिया है।