ग्लेन फिलिप्स की ऐतिहासिक गेंदबाजी, फिर भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुश्किल में न्यूजीलैंड
फोटो क्रेडिट: X/@BLACKCAPS
ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में अपना शिकंजा कमजोर नहीं होने दिया है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम का स्कोर 111/3 है। यहां से न्यूजीलैंड को मैच जीतने के लिए अब भी 258 रनों की जरूरत है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया मैच जीतने से केवल सात विकेट दूर है। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी केवल 164 के स्कोर पर समाप्त हुई थी। इसमें ग्लेन फिलिप्स ने केवल 45 रन देकर पांच विकेट लिए थे।
ग्लेन फिलिप्स की ऐतिहासिक गेंदबाजी
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के पास 217 रनों की बढ़त थी और दूसरी पारी में उनके आठ विकेट शेष थे। हालांकि, तीसरे दिन ग्लेन फिलिप्स ने धारदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी केवल 164 के स्कोर पर ही समाप्त हुई। फिलिप्स घर में खेले गए टेस्ट मैचों में पिछले 16 सालों में पारी में पांच विकेट लेने वाले पहले कीवी स्पिनर बने हैं।
अब भी ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा मजबूत
जीत के लिए मिले 369 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 59 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। केन विलियमसन लगातार दूसरी पारी में फ्लॉप साबित हुए। हालांकि, रचिन रविंद्र और डैरिल मिचेल के बीच हुई अविजित 52 रनों की साझेदारी ने न्यूजीलैंड को संभालने का काम किया है। रविंद्र 56 और मिचेल 12 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
पहली पारी में चार विकेट लेने वाले नाथन लियोन दूसरी पारी में भी दो विकेट ले चुके हैं। पिच में काफी घुमाव और उछाल दिख रहा है तो ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए काम आसान दिखाई दे रहा है। अगर यहां से न्यूजीलैंड को मैच जीतना है तो फिर रविंद्र और मिचेल को साहसिक पारियां खेलनी होंगी। ऑस्ट्रेलिया के लिए लियोन ने दूसरी पारी में बल्ले से भी 46 गेंदों में 41 रनों का काफी अहम योगदान दिया है।