पीआर श्रीजेश के सम्मान में हॉकी इंडिया ने लिया बड़ा फैसला
पीआर श्रीजेश के लिए हॉकी इंडिया का दिल जीतने वाला काम
हॉकी इंडिया ने भारत के दिग्गज हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश के सम्मान में एक बड़ा फैसला लिया है। पेरिस ओलंपिक में पीआर श्रीजेश ने भारतीय हॉकी टीम के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस मेडल को हासिल करने के पहले ही वह ऐलान कर चुके थे कि वह संन्यास लेने वाले हैं। उन्होंने अपने करियर के आखिरी मैच में जीत हासिल की और ब्रॉन्ज के साथ खेल को अलविदा कहा है।
पीआर श्रीजेश के सम्मान में रिटायर की गई जर्सी
पीआर श्रीजेश ने 18 सालों तक भारतीय टीम को अपनी सेवाएं दी। उन्होंने लगातार दो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतते हुए अपने करियर का अंत किया है। पेरिस से पहले टोक्यो ओलंपिक में भी श्रीजेश ने ब्रॉन्ज जीता था। दोनों ही बार भारतीय हॉकी टीम को ब्रॉन्ज दिलाने में श्रीजेश ने अहम भूमिका निभाई थी। हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी भोला नाथ ने बताया,
सीनियर पुरुष टीम से हॉकी इंडिया ने 16 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया है। यह पीआर श्रीजेश के सम्मान में किया गया है।
जूनियर हॉकी टीम के कोच बनेंगे श्रीजेश
View this post on Instagram
जर्सी रिटायर करके सम्मान देने के अलावा हॉकी इंडिया ने श्रीजेश को जूनियर हॉकी टीम के कोच के रूप में एक और अहम काम सौंपा है। 36 साल के श्रीजेश ने कोच बनने की इच्छा जताई थी और उन्होंने कहा था कि वह राहुल द्रविड़ से काफी प्रेरित हैं। श्रीजेश ने कहा था कि वह जूनियर टीम के साथ शुरुआत करना चाहते हैं, जैसा कि द्रविड़ ने भी किया था।
पीटीआई के साथ एक इंटरव्यू में श्रीजेश ने कहा था, “मैं कोच बनना चाहता हूं। हमेशा से मेरा प्लान यही था, लेकिन अब सवाल यह है कि ये कब होगा। संन्यास लेने के बाद परिवार पहले आता है। मुझे उनके बात करके पूछना होगा कि क्या वे इससे सहमत हैं। अब आपको अपनी पत्नी की थोड़ी तो सुननी होगी।”