IVPL Final: सुरेश रैना की वीवीआईपी उत्तर प्रदेश बनी चैंपियन, फाइनल में मुंबई चैंपियंस को दी मात
फोटो क्रेडिट: IVPL
इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग (IVPL) के पहले सीजन का सफल अंत हो गया है। रविवार 3 मार्च को धमाकेदार फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में आमने सामने थीं वीवीआईपी उत्तर प्रदेश और मुंबई चैम्पियंस की टीमें। उत्तर प्रदेश के लिए पवन नेगी ने अपना फॉर्म जारी रखा और फाइनल में भी टीम की जीत के हीरो बने। उनकी शानदार पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने फाइनल में मुंबई को 6 विकेट से हराया। पवन नेगी ने सीजन का तीसरा शतक ठोका और नाबाद 105 रनों की पारी खेली।
मुंबई चैंपियंस ने बनाया था विशाल स्कोर
इस मैच में पहले खेलने उतरी मुंबई चैंपियंस की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की और स्कोरबोर्ड पर 214 रन का विशाल स्कोर निर्धारित 20 ओवर में खड़ा किया। फिल मस्टर्ड और पीटर ट्रेगो ने मुंबई के लिए शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली। कप्तान मस्टर्ड ने 45 गेंद पर 76 रन बनाए और पारी में 8 चौके व 3 छक्के जड़े। उनके अलावा ट्रेगो ने 33 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए और टीम का स्कोर 210 पार पहुंचाया। इन दोनों के अलावा अभिषेक झुनझुनवाला ने 23 गेंद पर 36 रन और रजत सिंह ने 12 गेंद पर 18 रन की पारी खेली।
वीवीआईपी उत्तर प्रदेश को नेगी ने दिलाई जीत
जवाब में 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीवीआईपी उत्तर प्रदेश को पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही झटका लग गया। रोहित प्रकाश आउट हुए, फिर अंशुल कपूर भी जल्दी आउट हुए और 3 ओवर के बाद टीम का स्कोर था 2 विकेट पर 37 रन। यहां से उम्मीदें थीं कि कप्तान सुरेश रैना ऑरेंज कैप होल्डर पवन नेगी के साथ टीम को आगे ले जाएंगे, लेकिन 45 के स्कोर पर टीम को सबसे बड़ा झटका सुरेश रैना के रूप में लगा।
यहां से 6 ओवर के बाद टीम का स्कोर 61 रन पर 3 विकेट था। इन फॉर्म पवन नेगी क्रीज पर मौजूद रहे और उन्होंने एक बार फिर मोर्चा संभाला। परविंदर सिंह ने भी नेगी का बखूबी साथ निभाया और चौथे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की। परविंदर 51 रन बनाकर आउट हुए और 158 के स्कोर पर 15वें ओवर में मुंबई को चौथी सफलता मिली। यहां से भी नेगी टिके रहे और टीम को जीत तक ले गए। उत्तर प्रदेश ने यह मुकाबला 19.2 ओवर में जीत लिया। इस तरह 23 फरवरी से शुरू हुआ IVPL का पहला संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।