मोर्ने मोर्केल बने भारत के गेंदबाजी कोच, अगले महीने से शुरू करेंगे काम
Morne Morkel बने भारत के गेंदबाजी कोच
Morne Morkel: भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल को भारत का गेंदबाजी कोच बनाया गया है। भारत का गेंदबाजी कोच बनने की रेस मोर्केल सबसे आगे चल रहे थे। गौतम गंभीर ने हेड कोच बनने के बाद मोर्केल को गेंदबाजी कोच बनाने की मांग की थी। शुरुआत में ऐसा लगा था कि गंभीर की यह मांग पूरी नहीं होगी, लेकिन अब ऐसा हो गया है।
जय शाह ने लगाई Morne Morkel के नाम पर मुहर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने मोर्केल की नियुक्ति की पुष्टि कर दी है। मोर्केल का कार्यकाल 1 सितंबर से शुरू होगा और उनकी पहली सीरीज बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली है। गौतम गंभीर के दल में अभिषेक नायर, रयान टेन डोशाटे और टी दिलीप पहले से ही मौजूद थे। पिछले कोचिंग दल से केवल टी दिलीप ही बरकरार रखे गए हैं। मोर्केल के अलावा पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज विनय कुमार को भी शॉर्टलिस्ट किया गया था।
मोर्केल के पास है कोचिंग का अच्छा अनुभव
पिछले साल दिसंबर तक मोर्केल पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच थे। IPL में लखनऊ सुपर जॉयंट्स के गेंदबाजी कोच मोर्कल ने गंभीर के साथ दो सीजन तक काम किया हुआ है। यही वजह है कि गंभीर ने अपना पद संभालते ही उनको लाने की मांग कर दी थी। SA20 में LSG की ही टीम डरबन सुपर जॉयंट्स में भी मोर्केल कोच के पद पर काबिज हैं।
मोर्केल के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी कि वो भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण में मौजूद गहराई को बरकरार रख सकें। इस साल के अंत में भारत को ऑस्ट्रेलिया का कठिन दौरा करना है। 1992 के बाद यह पहला मौका होगा जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलती दिखेगी। इस दौरे पर मोर्केल का अनुभव काफी काम आ सकता है।