पेरिस ओलंपिक में एक और डिस्क्वालीफिकेशन, फाइनल मैच से बाहर कर दी गई टीम
![](https://goalbold.in/wp-content/uploads/2024/08/New-Project-31-1200x675.png)
पेरिस ओलंपिक में एक और टीम को फाइनल से किया गया बाहर
पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश फोगाट को डिस्क्वालीफाई करने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। इस बीच एक और डिस्क्वालीफिकेशन सामने आई है। नाइजीरिया की टीम को 4×400 रिले रेस के फाइनल से बाहर कर दिया गया है। इस टीम ने सेमीफाइनल में 2:59.81 का समय निकाला था और दूसरे स्थान पर रहे थे। यह नाइजीरिया का सीजन बेस्ट टाइम भी था। आइए जानते हैं आखिर क्यों उन्हें बाहर किया गया है।
पेरिस ओलंपिक में एक और डिस्क्वालीफिकेशन
नाइजीरिया को एक रेफरी के फैसले पर बाहर का रास्ता दिखाया गया है। दरअसल रेफरी का मानना है कि बैटन को बदलते समय नाइजीरिया के धावक ने साउथ अफ्रीकी धावक के रास्ते में बाधा पहुंचाई थी। नाइजीरिया को बाहर किए जाने का कारण यही है। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका को फाइनल में अपनी टीम उतारने का मौका भी दिया गया है। नाइजीरिया की तरफ से आधिकारिक प्रतिक्रिया आने का इंतजार है।
केवल 100 ग्राम वजन के लिए बाहर हुई थी विनेश
भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट के हाथों से ओलंपिक मेडल चला गया, क्योंकि उनका वजन केवल 100 ग्राम अधिक पाया गया था। एक ही दिन में लगातार तीन मैच जीतते हुए विनेश ने फाइनल में जगह पक्की की थी। हालांकि, फाइनल वाले मैच की सुबह उनका वजन कराने पर पता चला कि वह लगभग 100 ग्राम अधिक है। इसी के साथ उन्हें तुरंत बाहर कर दिया गया था।
यह विनेश ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लिए चौंकाने और दिल तोड़ने वाली खबर थी। बाद में पता चला कि वजन घटाने के लिए विनेश के बाल तक काट दिए गए थे। दरअसल पहले दिन के मैचों के बाद विनेश का वजन 2.7 किग्रा बढ़ गया था। पूरी रात विनेश सोयी नहीं और लगातार एक्सरसाइज करती रही थीं। पूरी टीम को उम्मीद थी कि वजन घट जाएगा, लेकिन अंत में आकर 100 ग्राम ने काम बिगाड़ दिया।