PKL Auction: लीग का सबसे सफल कप्तान बना करोड़पति, यू मुंबा ने खरीदा

यू मुंबा ने PKL का सबसे सफल कप्तान खरीदा
प्रो कबड्डी लीग (PKL) के सबसे सफल कप्तान सुनील कुमार करोड़पति बन गए हैं। PKL के 11वें सीजन की नीलामी में सुनील कुमार को यू मुंबा ने अपने साथ जोड़ा है। सुनील को यू मुंबा ने 101.50 करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा है। पवन सेहरावत और मोहम्मदरेजा शादलू के हाथ से निकल जाने के बाद मुंबा को पहला खिलाड़ी मिला है। हालांकि, सुनील को लेना भी मुंबा के लिए आसान नहीं रहा था।
बेंगलुरु बुल्स ने भी सुनील के लिए पूरा जोर लगाया था। 1 करोड़ रूपये तक बेंगलुरु ने मुंबा को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि, इसके बाद उन्होंने थोड़ा सोच-विचार करना शुरू कर दिया था। इसके बाद बेंगलुरु ने पीछे हटने का फैसला किया और मुंबा ने सुनील को अपने साथ जोड़ लिया। यह PKL में सुनील को सबसे बड़ी रकम भी हो चुकी है। सुनील एक अच्छे कप्तान भी हैं।
यु मुंबा को मिला लीग का सबसे सफल कप्तान
सुनील कुमार ने कप्तान के तौर पर PKL में 65 मैच जीते हैं। वह इस लीग के सबसे सफल कप्तान हैं। जयपुर पिंक पैंथर्स के साथ उन्होंने जिस तरह का खेल दिखाया है, उसे देखते हुए उनकी कप्तानी पर किसी को शक नहीं है। मुंबा को लंबे समय से एक अच्छे कप्तान की जरूरत थी, जो टीम को संभाल सके और उसे चला सके। फजल अत्राचली के जाने के बाद से ही उन्हें कप्तान मिला नहीं था।
गुमान सिंह और सुरेंदर सिंह को कप्तान के रूप में आजमाया गया था, लेकिन यह टीम के हित में नहीं गया था। साथ ही सुनील भारत के सबसे बेहतरीन राइट कवर में से एक हैं। यदि किसी तरह परवेश भैंसवाल को भी टीम में ले आया गया तो यह मुंबा के लिए बहुत शानदार होगा। सुनील-परवेश की जोड़ी, विरोधी की कमर तोड़ी वाला डॉयलाग आपने अनेकों बार अपनी टीवी पर सुना होगा।