PKL Auction: 1.725 करोड़ रूपये में तेलुगू टाइटंस के साथ ही रहेंगे पवन सेहरावत
पवन सेहरावत 1.725 करोड़ में टाइटंस में ही रहेंगे
प्रो कबड्डी लीग (PKL) इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी होने का ताज पवन सेहरावत से छिन गया है। काफी लंबे समय तक चली बोली में पवन सेहरावत को यु मुंबा ने 1.725 करोड़ रूपये में खरीदा था। हालांकि, तेलुगू टाइटंस ने उनके लिए FBM कार्ड का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपने पास रोक लिया है। पिछले सीजन पवन को टाइटंस ने ही 2.605 करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा था।
घरेलू खिलाड़ियों की नीलामी में सबसे पहले नाम पवन का ही आया और उनका नाम आते ही बोलियों की बौछार लग गई। यू मुंबा ने मोहम्मदरेजा शादलू के हाथ से निकल जाने के बाद शुरुआत से ही पवन के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया था। दूसरी ओर पवन के गुरु रणदीप सिंह सेहरावत का उनके लिए प्यार जरा भी कम नहीं हुआ है। मुंबा के साथ बेंगलुरु बुल्स ने भी काफी आक्रामक बोली लगाई। एक समय तो ऐसा आया जब नीलामी करा रही मल्लिका सागर को सांस लेने की भी मोहलत नहीं मिल रही थी।
दोनों में से कोई भी टीम पीछे हटने को तैयार नहीं थी और देखते ही देखते बोली पहले एक और फिर डेढ़ करोड़ रूपये को पार कर गई। हालांकि, 1.50 करोड़ का फिगर पार करने के बाद दोनों टीमें धीमी हो गई। यहां से बोली 50 हजार के साथ आगे बढ़नी शुरू हुई। इससे पता चला कि दोनों ही टीमें अब काफी सतर्क होकर बोली लगा रही थीं।
तेलुगू टाइटंस में ही रहेंगे पवन सेहरावत
यू मुंबा ने अंत तक पवन का पीछा नहीं छोड़ा था। हालांकि, इस सीजन भी बेंगलुरु पीछे हटी थी। मुंबा ने पवन के खरीदने में सफलता तो हासिल कर ली, लेकिन फिर भी उन्हें पवन मिले नहीं। टाइटंस ने बिना एक भी मिनट गंवाए अपने FBM कार्ड को इस्तेमाल किया और पवन को वापस अपनी टीम में खींच लाए। इस डील में टाइटंस का ही फायदा हुआ।