Uttar Pradesh News: 13 लाख सरकारी कर्मचारियों की कटेगी अगस्त की सैलरी?

Uttar Pradesh News: सरकारी कर्मचारियों की कटेगी सैलरी?
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों को 31 अगस्त तक अपनी चल और अचल संपत्तियों की घोषणा करने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के तहत अगर कोई सरकारी कर्मचारी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी संपत्तियों का विवरण नहीं देता है, तो उसके वेतन का भुगतान इस महीने रोक दिया जाएगा।
इससे पहले, यह प्रक्रिया 31 दिसंबर 2023 तक पूरी की जानी थी, लेकिन इसे पहले 30 जून और फिर 31 जुलाई 2024 तक बढ़ा दिया गया था। लेकिन अब तक, राज्य के 17.8 लाख कर्मचारियों में से केवल 26 प्रतिशत कर्मचारियों ने ही अपनी संपत्तियों की घोषणा की है। इसको देखते हुए सरकार ने अब इस प्रक्रिया की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2024 तक बढ़ा दी है। सभी कर्मचारियों को मानव संपदा पोर्टल पर यह जानकारी ऑनलाइन देनी है।
Uttar Pradesh News: आदेश का कड़ाई से हो पालन
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस आदेश का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं कर्मचारियों को वेतन मिलेगा जिन्होंने नई समय सीमा के भीतर अपनी संपत्ति का विवरण जमा किया हो। यह आदेश सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू होता है, चाहे वे किसी भी श्रेणी में आते हों। इसके साथ ही, जिन कर्मचारियों ने अपनी संपत्तियों की घोषणा नहीं की है, उन्हें प्रमोशन में भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सरकार ने इस कदम को उचित ठहराते हुए कहा है कि संपत्तियों की घोषणा से प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है। इससे सरकार को कर्मचारियों की संपत्ति की स्थिति पर नजर रखने में मदद मिलती है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में भी सहायता मिलती है। सरकार का यह कदम सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कर्मचारियों को समय रहते अपनी संपत्ति का विवरण जमा करने की सलाह दी गई है, ताकि वेतन और प्रमोशन संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।